
रिपोर्ट: प्राची सिंह
नई दिल्ली: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने कथित ड्रग किंगपिन वीरेंद्र सिंह बसोया को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से गिरफ्तार कर भारत वापस लाया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, बसोया विदेश में रहकर भारत में बड़े ड्रग सिंडिकेट का संचालन कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अमित शाह ने कहा- कानून की गिरफ्त से नहीं बच पाएंगे तस्कर
वीरेंद्र सिंह बसोया की गिरफ्तारी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनसीबी और अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि मोदी सरकार विदेशों में छिपे तस्करों को खोज निकालने और उनके नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रग्स के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी और दुनिया के किसी भी हिस्से में छिपे तस्कर भारतीय कानून से बच नहीं सकते।
दिल्ली में बरामद कोकीन मामले से जुड़ा नाम
जांच एजेंसियों के अनुसार, वीरेंद्र सिंह बसोया का नाम देश में हुई कई बड़ी ड्रग्स जांच और भारी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी के मामलों में सामने आया है। वर्ष 2024 में दिल्ली में बड़ी मात्रा में कोकीन बरामदगी के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। कार्रवाई से बचने के लिए उसके UAE भाग जाने की बात सामने आई थी।
बेटे ऋषभ बसोया पर भी इंटरपोल रेड नोटिस
जांच में यह भी सामने आया है कि वीरेंद्र सिंह बसोया का बेटा ऋषभ बसोया कथित तौर पर ड्रग नेटवर्क की एक अहम कड़ी है। जांच एजेंसियों के अनुरोध पर ऋषभ के खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस भी जारी किया जा चुका है।
अब वीरेंद्र सिंह बसोया को भारत लाए जाने के बाद एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क, उसके सहयोगियों और अन्य आरोपियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग सामने आ सकते हैं।





