
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में बुधवार को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, वाराणसी में तिरंगा वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने रेलकर्मियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर किया।
इस अवसर पर डीआरएम आशीष जैन ने सभी रेलकर्मियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा सम्मानपूर्वक फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
अभियान के अंतर्गत वाराणसी मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा मंडल के सभी विभागों, स्टेशनों एवं विभिन्न यूनिटों में तिरंगे वितरित किए गए। रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं प्रमुख रेलवे परिसरों को तिरंगा लाइटों से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, राष्ट्रप्रेम जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रमों के माध्यम से रेलकर्मियों और यात्रियों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभक्ति गीत, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर-बैनर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। तिरंगे के साथ फोटो एवं सेल्फी लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। स्कूलों, निजी संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से भी जन-जागरूकता बढ़ाने की पहल की जा रही है।
तिरंगा वितरण कार्यक्रम के दौरान रेलकर्मियों में जबरदस्त उत्साह और राष्ट्रप्रेम का जज्बा दिखाई दिया। कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेते हुए ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ का संदेश दिया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने और ध्वज संहिता का पालन करने के प्रति भी जागरूक रहने का संकल्प लिया।
हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से वाराणसी मंडल में राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।




