
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चेतगंज पुलिस ने मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की तत्परता से क्षेत्र में संभावित विवाद को भी समय रहते नियंत्रित किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश, पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज एवं प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मामला मु0अ0सं0 214/2026, धारा 115(2), 351(2), 352 बीएनएस, थाना चेतगंज से संबंधित है। पुलिस ने इस मामले में सौरभ कुमार अग्रहरी पुत्र स्वर्गीय गणेश अग्रहरि, निवासी सी-9/134 हबीबपुरा, थाना चेतगंज, वाराणसी, उम्र करीब 22 वर्ष को 12 अगस्त को हबीबपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त को वादी द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर शुभम जायसवाल एवं सौरभ कुमार अग्रहरी के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी मुकदमे के संबंध में 12 अगस्त को वादी और दोनों आरोपियों को घटना के संबंध में पूछताछ के लिए हबीबपुरा बुलाया गया था। इसी दौरान वादी और आरोपी सौरभ अग्रहरी के बीच दोबारा विवाद होने लगा। पुलिस टीम द्वारा दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं होने पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत सौरभ कुमार अग्रहरी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इसके बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार कुशवाहा, कांस्टेबल प्रदीप कुमार एवं रिजर्व कांस्टेबल अश्वनी कुमार शामिल रहे।





