
-जैतपुरा पुलिस की मुस्तैदी ने जुआरियों की उड़ाई नींद, रेलवे लाइन किनारे चल रहा था हार-जीत का खेल
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। श्रावण मास और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क जैतपुरा पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे लाइन के किनारे मुश्लिमपुरा में चल रही जुए की महफिल का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों से रुपये की हार-जीत का जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से जुए में प्रयुक्त 3,470 रुपये नकद और 52 ताश के पत्तों की एक गड्डी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुश्लिमपुरा में रेलवे लाइन के किनारे कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये की हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे पांच लोगों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक जायसवाल, मो. सफीक, सद्दाम अहमद, नियाज अहमद और मो. रजा उर्फ राज के रूप में हुई है। सभी के विरुद्ध थाना जैतपुरा में मु0अ0सं0 0181/2026, धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जैतपुरा पुलिस की सक्रियता की हो रही सराहना
जुए की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली जैतपुरा पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जुए के अड्डों पर भी सख्त संदेश गया है।
कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और थानाध्यक्ष जैतपुरा के नेतृत्व में की गई।





