
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की राजातालाब थाना पुलिस ने ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ डालकर युवक को गंभीर रूप से झुलसाने की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को कमलेश पटेल ने थाना राजातालाब में तहरीर देकर बताया था कि 15/16 जुलाई की रात करीब तीन बजे अज्ञात व्यक्ति ने उनके भाई चन्द्रेश पटेल पर सोते समय ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ फेंक दिया, जिससे उनका चेहरा और शरीर के अन्य हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर घटना का खुलासा करते हुए अशोक कुमार पटेल (26 वर्ष) निवासी ग्राम वीरभानपुर (ओदार), थाना राजातालाब को 6 अगस्त 2026 की रात करीब 9:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घायल चन्द्रेश पटेल उसका सगा चचेरा भाई है। दोनों एक ही युवती से बातचीत करना चाहते थे, लेकिन युवती उससे बात नहीं करती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने घर में शौचालय साफ करने के लिए रखा रासायनिक पदार्थ सोते समय चन्द्रेश पर फेंक दिया। इस दौरान रासायनिक पदार्थ की कुछ बूंदें उसके शरीर पर भी गिर गईं, जिससे उसके शरीर पर जलने के निशान आ गए और उसकी पहनी हुई काली टी-शर्ट भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।




