- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ENHM) अनुभव पाठक के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यांत्रिक विभाग के ईएनएचएम अनुभाग द्वारा छपरा, बलिया, बनारस, मऊ सहित मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर चलाए गए इस अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार, पेयजल स्थलों, शौचालयों सहित अन्य सार्वजनिक परिसरों की विशेष साफ-सफाई की गई।
अभियान के दौरान यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने, एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने और रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। यात्रियों को स्वच्छता संबंधी संदेशों वाले पंपलेट भी वितरित किए गए तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्वच्छता अपनाने की अपील की गई।
स्वास्थ्य निरीक्षकों ने यात्रियों से स्वच्छ भारत मिशन एवं भारतीय रेल के स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ स्टेशन यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने के साथ-साथ सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में भी सहायक होते हैं।
वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ENHM) अनुभव पाठक ने बताया कि वाराणसी मंडल में “स्वच्छता से स्वागत” अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखना और यात्रियों के सहयोग से स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल रेलवे स्टेशन विकसित करना है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं और रेलवे परिसरों को साफ-सुथरा रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।





