- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी। नियमित जांच अभियान के दौरान टीम ने संदिग्ध सामान की तलाशी ली, जिसमें लाखों रुपये मूल्य के कछुए बरामद किए गए। बरामदगी के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और कछुओं को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कछुओं की तस्करी की आशंका जताई जा रही है। मामले में संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कछुओं को कहां से लाया गया था तथा इन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।
जीआरपी और आरपीएफ ने मामले की सूचना वन विभाग को भी दे दी है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद कछुओं की प्रजाति, संख्या और उनकी वास्तविक कीमत का आकलन वन विभाग द्वारा किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों पर अवैध तस्करी रोकने के लिए संयुक्त चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




