
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने जुलाई 2026 में 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर नया मासिक उत्पादन रिकॉर्ड बनाया है। यह किसी भी वित्तीय वर्ष में एक माह के दौरान बरेका का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है। इससे पहले मार्च 2025 में 61 इंजनों का रिकॉर्ड था।
जुलाई 2026 में बरेका ने 44 डब्ल्यूएजी-9एचसी मालवाहक, 13 डब्ल्यूएपी-7 यात्री और 8 अमृत भारत विद्युत रेल इंजन तैयार किए।
स्थापना के बाद से बरेका अब तक 11,445 रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है, जिनमें 3,109 विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। वहीं, ‘मेक इन India, मेक फॉर द वर्ल्ड’ अभियान के तहत 11 देशों को 182 रेल इंजनों का निर्यात भी किया जा चुका है।
महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 468 विद्युत रेल इंजनों के उत्पादन का लक्ष्य समय से पहले और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।



