
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने मंगलवार को टूंडला–हरदुआगंज रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल परिचालन, संरक्षा व्यवस्थाओं और रेल अवसंरचना का जायजा लिया। इस दौरान प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने हरदुआगंज यार्ड में परिचालन क्षमता, रेल पथ, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, अनुरक्षण कार्यों और संरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा महाप्रबंधक ने अलीगढ़ रनिंग रूम का निरीक्षण कर कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और रखरखाव का जायजा लिया। इसके बाद अलीगढ़–डावर रेलखंड की विंडो ट्रेलिंग करते हुए टीएचडीसी साइडिंग, डावर का भी निरीक्षण किया और माल परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने कहा कि नियमित निरीक्षण से रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय बनाया जा सकता है। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और माल परिवहन को अधिक दक्ष एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।



