
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। रूदौली तहसील क्षेत्र में सरकारी उचित दर की दुकान के लाइसेंस को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम पंचायत कोटरा की एकता महिला स्वयं सहायता समूह ने चुनाव में विजयी होने के बावजूद अब तक लाइसेंस जारी न किए जाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने “एसडीएम साहब न्याय दो, न्याय दो” के नारे लगाते हुए अपनी नाराजगी जताई।
समूह की अध्यक्ष सुनीता देवी ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर बताया कि 21 जुलाई को आयोजित चुनाव में उनके समूह को 266 मत, जबकि प्रतिद्वंद्वी समूह को 184 मत प्राप्त हुए थे। उनका कहना है कि चुनाव में स्पष्ट जीत मिलने के बाद प्रशासन द्वारा आवश्यक अभिलेख भी जमा करा दिए गए, लेकिन ग्रेडिंग प्रक्रिया का हवाला देकर लाइसेंस जारी करने की कार्रवाई लंबित रखी गई है।
महिला समूह का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है। उनका दावा है कि वर्ष 2025 में भी उनका समूह 10 मतों से चुनाव जीता था, लेकिन उस समय भी लाइसेंस जारी नहीं किया गया।
समूह की महिलाओं ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो 29 जुलाई से विकास खंड रूदौली परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। महिला समूह ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द लाइसेंस जारी करने की मांग की है।





