
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चंदौली आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए आज जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर की अध्यक्षता में पुलिस लाइन चंदौली स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में प्रमुख मंदिरों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त लाइटिंग, सड़कों की मरम्मत, डायवर्जन, पार्किंग स्थल एवं भीड़ नियंत्रण सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़कों पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, सड़क किनारे खुले नालों को ढंकवाया जाए तथा पूरे मार्ग पर स्वच्छता एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। मंदिरों एवं मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत तथा अन्य नागरिक सुविधाएं समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर ने कहा कि श्रावण मास में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू होगा, पार्किंग की उचित व्यवस्था होगी तथा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था एवं सतत निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, समस्त उप-जिलाधिकारीगण, समस्त क्षेत्राधिकारीगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।




