
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या, 22 जुलाई। जिला एवं महानगर कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आज कचहरी परिसर में किसानों, आम उपभोक्ताओं एवं छात्रों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लिए सरकार विरोधी नारे लगाते हुए कचहरी परिसर में मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और महामहिम राज्यपाल महोदय, उत्तर प्रदेश शासन के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में जनपद अयोध्या में यूरिया एवं डीएपी खाद की भारी कमी, सहकारी समितियों पर लंबी कतारें, कालाबाजारी तथा स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े विद्युत बिलों की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने मांग की कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए, जमाखोरों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो तथा स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
ज्ञापन में दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए कथित पुलिसिया लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मौजूद पुलिसकर्मियों ने वर्दी नहीं पहन रखी थी तथा महिला प्रदर्शनकारियों पर भी पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठे छात्रों के समर्थन में पहुंचे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कथित रूप से बर्बरतापूर्वक धरना स्थल से हटाए जाने की भी कड़ी निंदा की गई।
जिला अध्यक्ष चेत नारायण सिंह ने कहा, “अयोध्या का किसान आज खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। सरकार की लापरवाही के कारण किसान सुबह से लाइन में लगकर भी यूरिया और डीएपी नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं। यदि तत्काल खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो कांग्रेस किसानों के साथ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।”
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा, “स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। आम उपभोक्ताओं के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे मध्यमवर्गीय परिवार, छोटे व्यापारी और किसान गंभीर संकट में हैं। कांग्रेस मांग करती है कि बढ़े हुए विद्युत बिलों की समीक्षा कर जनता को तत्काल राहत दी जाए।”





