
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा✍️
वाराणसी। जनसुरक्षा, शांति व्यवस्था और सुचारु यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष सिंह एवं दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि त्रिपाठी ने अपनी पुलिस टीम के साथ बुधवार को व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया। उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने गोदौलिया चौराहे से लेकर विश्वप्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट एवं मदनपुरा स्थित पांडे हवेली तक पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख मार्गों और घाटों का निरीक्षण करते हुए स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद किया तथा सभी से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और अधिक मजबूत दिखाई दिया।
अभियान के दौरान सड़क के किनारे दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर व्यवसाय कर रहे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तत्काल अतिक्रमण हटवाया। साथ ही दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में दोबारा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि आमजन की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं चौकी प्रभारी अनुज मणि त्रिपाठी ने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने और कानून का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि दशाश्वमेध क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और व्यवस्थित यातायात बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस टीम की इस सक्रिय कार्रवाई और पैदल गश्त की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया प्रभावी कदम बताया। लोगों का कहना था कि नियमित गश्त और अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी तथा आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।




