
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चंदौली उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के सभी थानों में “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान सामुदायिक पुलिसिंग और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़ी समस्याओं के समाधान तथा पुलिस से तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन तथा सखी निवास जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम-2013, दहेज निषेध अधिनियम तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम-1994 के प्रमुख प्रावधानों से भी महिलाओं और आमजन को अवगत कराया।
अभियान के तहत साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। इसके अलावा प्रत्येक थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की भी जानकारी दी गई।





