
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। मीरघाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चली जाने से 14 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही दशाश्वमेध चौकी पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया और किशोरी को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बिहार के सारण (छपरा) जनपद के मुशरख थाना क्षेत्र के बनसोई गांव निवासी पप्पू कुमार ठाकुर अपने परिवार के साथ वाराणसी आए थे। मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे वे मीरघाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उनकी 14 वर्षीय पुत्री सिमरन ठाकुर स्नान करते समय गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
सूचना पर चौकी प्रभारी दशाश्वमेध पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जल पुलिस तथा स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की मदद से सिमरन को नदी से बाहर निकालकर एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




