- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी: जिले में चल रही विकास परियोजनाओं को तय समय सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 100 सीटर बॉयज हॉस्टल, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जा रहे कार्य, मल्टीपरपज ट्रेनिंग हॉल, ऑडिटोरियम और बालिका छात्रावास सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अभियंताओं ने जिलाधिकारी को निर्माण कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि डायट परिसर में अधिकांश निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं, जबकि कुछ कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। इस पर जिलाधिकारी ने शेष सभी कार्यों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बालिका छात्रावास, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, इंटरलॉकिंग, सोलर पावर जनरेटर, सीसीटीवी कैमरे, वॉलीबॉल कोर्ट और अन्य अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का भी बारीकी से निरीक्षण किया और मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने डायट परिसर को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने के लिए व्यापक विकास योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पूरे परिसर के सुंदरीकरण, हरित क्षेत्र (ग्रीनलैंड) विकसित करने, पार्क निर्माण, मुख्य गेट से कस्तूरबा विद्यालय तक सीसी रोड बनाने, खेल मैदान विकसित करने तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (एस्टीमेट) तैयार करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।





