
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और कार्यस्थल सुरक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के बनारस, छपरा और मऊ कोचिंग डिपो को एक साथ तीन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ISO प्रमाणन प्राप्त हुए हैं। इनमें ISO 9001:2015 (गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली), ISO 14001:2015 (पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली) और ISO 45001:2018 (व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली) शामिल हैं। यह उपलब्धि मंडल में बेहतर अनुरक्षण व्यवस्था, सुरक्षित कार्य संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (C&W) अभिषेक राय के नेतृत्व में तीनों कोचिंग डिपो ने सभी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया। इन डिपो में रेल कोचों का अनुरक्षण, मरम्मत और रखरखाव भारतीय रेल तथा आरडीएसओ के निर्धारित मानकों के अनुरूप वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से किया जाता है। प्रत्येक कोच का समयबद्ध निरीक्षण, गुणवत्ता परीक्षण और तकनीकी अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाता है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण यात्रा का लाभ मिल सके।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ISO 9001:2015 के तहत गुणवत्ता नियंत्रण, वैज्ञानिक अनुरक्षण प्रणाली और सतत सुधार को मजबूत किया गया है। ISO 14001:2015 के अंतर्गत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा बचत, अपशिष्ट प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और व्यापक पौधारोपण जैसे पर्यावरणीय उपाय लागू किए गए हैं। वहीं ISO 45001:2018 के अनुरूप कार्यस्थल पर सुरक्षा, जोखिम नियंत्रण, दुर्घटना रोकथाम, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी गई है।
प्रमाणन प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को गुणवत्ता, पर्यावरण तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर व्यापक प्रशिक्षण दिया गया। स्वतंत्र ऑडिट के बाद तीनों कोचिंग डिपो सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे और उन्हें अंतरराष्ट्रीय ISO प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे वाराणसी मंडल की टीम भावना, कार्यकुशलता और उत्कृष्ट सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और वाराणसी मंडल भविष्य में भी वैश्विक मानकों के अनुरूप यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (C&W) अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ENHM) अभिनव पाठक, मंडल यांत्रिक इंजीनियर विनीत रंजन, कोचिंग डिपो अधिकारी हरिशंकर प्रसाद, सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर ओजस श्रीवास्तव सहित मंडल के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





