
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई में कथित देरी को लेकर पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। पीड़िता का आरोप है कि उसने अपने पति और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की कोशिश तथा तलाक की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पांच दिन पहले चौबेपुर थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़िता का कहना है कि थाना स्तर पर उसे केवल आश्वासन दिया जाता रहा, जिससे निराश होकर वह गुरुवार को अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) नम्रता श्रीवास्तव के समक्ष पहुंची। वहां उसने अपना प्रार्थना पत्र और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत किए।
बताया गया कि एडीसीपी ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रार्थना पत्र पर आवश्यक निर्देश अंकित किए और चौबेपुर थाना प्रभारी को मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपियों को प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि आदेश के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। इस घटनाक्रम के बाद महिला सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर चौबेपुर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।





