
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। भेलूपुर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली है। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वादिनी की तहरीर पर थाना भेलूपुर में मु.अ.सं. 0428/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने वादिनी के पति पर जान से मारने की नीयत से हथौड़े से सिर पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कूड़ाखाने के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय भट्टाचार्य (50 वर्ष), निवासी दशमी सरायनंदन, खोजवां तथा संजय सरकार (40 वर्ष), निवासी महमूरगंज, थाना भेलूपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
- कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार, एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई
महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान करने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों के साथ अश्लील हरकतें कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देश पर एंटी रोमियो टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य निषाद (चंदौली), मोहम्मद फरयासत (कैमूर, बिहार), दीपक बेनवंशी (जौनपुर), मोहम्मद शरफराज शाह (हजारीबाग, झारखंड) सहित दो अन्य शामिल हैं। सभी के विरुद्ध मु.अ.सं. 311/2026 में धारा 296 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
इसके अलावा मौके पर मिले चार अन्य व्यक्तियों को उनके परिजनों को बुलाकर कड़ी चेतावनी देने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से अभद्रता, छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।





