
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। गोदौलिया स्थित प्राचीन काशीराज काली मंदिर परिसर में शनिवार को प्रशासन की टीम ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। मजिस्ट्रेट विजय त्रिवेदी एवं तहसीलदार आशीष सिंह अधिकारियों के साथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले मंदिर के पुजारी से मंदिर की भूमि, संपत्तियों, व्यवस्थाओं तथा परिसर से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद अधिकारियों ने पूरे मंदिर परिसर एवं उसके चारों ओर स्थित क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में रह रहे कथित अवैध किरायेदारों से उनकी किराएदारी से संबंधित वैध रसीदें एवं अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज नहीं होंगे, उनके मामलों की जांच नियमानुसार की जाएगी और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंदिर तक आने-जाने वाले मार्ग पर किए गए अतिक्रमण का भी गंभीरता से संज्ञान लिया गया। अधिकारियों ने पाया कि कुछ रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा मार्ग पर अतिक्रमण किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके अलावा मंदिर परिसर के आसपास तबेला संचालित किए जाने के मामले पर भी प्रशासन ने कड़ी नाराजगी जताई।
मजिस्ट्रेट विजय त्रिवेदी एवं तहसीलदार आशीष सिंह ने अतिक्रमण करने वाले रेस्टोरेंट संचालकों तथा तबेला चला रहे लोगों को सख्त अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्ग और मंदिर परिसर से जुड़े क्षेत्रों से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नियमानुसार कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।
प्रशासन के इस निरीक्षण से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उम्मीद जताई कि इस कार्रवाई से मंदिर परिसर की व्यवस्था बेहतर होगी, श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बनेगा तथा मंदिर की भूमि एवं सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।




