
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा✍️✍️
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरईगांव पुलिस चौकी के पास हुई एक घटना को लेकर पीड़िता कई दिनों तक न्याय की उम्मीद में थाने के चक्कर लगाती रही, लेकिन सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए उसने आखिरकार पुलिस कमिश्नरेट की महिला अपराध शाखा की एडीसीपी नम्रता श्रीवास्तव से गुहार लगाई है।
पीड़िता का आरोप है कि बीते 12 जुलाई को उसके पति ने दो अन्य लोगों के साथ उसके घर में पहुंचकर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, प्रशासन के सामने भी पति द्वारा तलाक देने की धमकी दी गई। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और लिखित शिकायत को साक्ष्य के रूप में पीड़िता ने चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा को उपलब्ध कराया, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि वह अपनी शिकायत लेकर लगातार थाने पहुंचती रही, लेकिन उसे न्याय मिलने के बजाय अलग-अलग तरीके से आश्वासन देकर टाल दिया गया। सुनवाई नहीं होने से निराश होकर उसने अब महिला अपराध शाखा की एडीसीपी नम्रता श्रीवास्तव से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी और पति सहित घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
वहीं, एडीसीपी महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव ने पीड़िता को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता को अब उम्मीद है कि उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उसे न्याय मिल सकेगा और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।




