
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। जौनपुर लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने गुरुवार को जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में मिली कई खामियों पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन के शौचालयों की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। वहीं रेलवे परिसर में गड्ढा देखकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक सुधार कार्य पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए डीआरएम ने रेलवे पुलिस बूथ को वर्तमान स्थान से हटाकर अधिक उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए, जिससे स्टेशन पर आवागमन और यात्री सुविधाएं बेहतर हो सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें अगले तीन से चार महीने के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
मानसून को देखते हुए डीआरएम ने जल निकासी, ट्रैक सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं।
निरीक्षण के बाद डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। स्टेशन पर पाई गई कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर कराया जाएगा और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी।




