
- रिपोर्ट: प्राची सिंह
नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, टोयोटा और इथेनॉल से जुड़े कथित भ्रामक दावों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में नागपुर साइबर पुलिस ने यूट्यूबर मनीष कश्यप समेत चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
बीजेपी नेता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई नागपुर शहर भाजपा सोशल मीडिया सेल के अध्यक्ष शिशिर त्रिपाठी की शिकायत पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो के माध्यम से इथेनॉल से जुड़े तथ्यों को भ्रामक तरीके से पेश किया गया तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बारे में बिना प्रमाण के दावे किए गए।
इस मामले में यूट्यूबर मनीष कश्यप, इंस्टाग्राम अकाउंट देसी बॉयज (desi_boysncr), हर्षित राठी और अंकलेश इनवाते (akkaspeaks) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में संबंधित यूट्यूब और इंस्टाग्राम पोस्ट का भी उल्लेख किया गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
नागपुर साइबर पुलिस ने चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 352, 356 और 296 के साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री की सत्यता, उसके स्रोत और संभावित प्रभाव का परीक्षण किया जा रहा है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





