
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। राम जन्मभूमि परिसर के लिए अधिग्रहित भूमि और मकानों के लंबित मुआवजा (प्रतिकर) भुगतान की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने जिलाधिकारी अयोध्या को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर वर्षों से लंबित मुआवजा जारी करने की मांग की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2021 में राम जन्मभूमि परिसर के लिए अधिग्रहित की गई भूमि और मकानों का मुआवजा अब तक कई प्रभावित परिवारों को नहीं मिला है। इस कारण क्षेत्र के किसान और आम नागरिक लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बताया गया कि करीब 15 से 20 परिवार इस समस्या से प्रभावित हैं।

इस दौरान राजन यादव, संतोष यादव, राम आधार यादव और राजेश सिंह मानव सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लंबित प्रतिकर का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की भी मांग उठाई।
जिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और जल्द से जल्द उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।





