
- वाराणसी ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने वाराणसी जंक्शन की विभिन्न रेलवे कॉलोनियों में नियमित फॉगिंग अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
रेल प्रशासन ने चिकित्सा विभाग के समन्वय से एईएन कॉलोनी, लहरतारा कॉलोनी, टीआरडी कॉलोनी, न्यू लोको कॉलोनी, ओल्ड लोको कॉलोनी तथा आरपीएफ बैरक में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नियमित फॉगिंग की व्यवस्था की है। यह अभियान प्रत्येक 15 दिन के अंतराल पर अथवा आवश्यकता के अनुसार चलाया जाएगा, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एम. मिश्रा के मार्गदर्शन तथा मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक राकेश रोशन पाठक के समन्वय में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार फॉगिंग और निगरानी का कार्य कर रही हैं। स्टेशन निदेशक ने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों के साथ-साथ रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा स्वच्छता, फॉगिंग और जनजागरूकता जैसे सभी निवारक उपाय नियमित रूप से किए जा रहे हैं।
रेल प्रशासन ने रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी का जमाव न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने में सहयोग करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से मच्छरजनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।





