
- वाराणसी ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैंट–पनियहवा रेलखंड पर गोरखपुर कैंट और उनौला स्टेशनों के बीच पैच दोहरीकरण एवं नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 16 से 21 जुलाई 2026 तक कई ट्रेनों के संचालन में व्यापक बदलाव किए हैं। 21 जुलाई को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) द्वारा निरीक्षण भी प्रस्तावित है, जिसके कारण कई सवारी एवं एक्सप्रेस ट्रेनों को निरस्त, मार्ग परिवर्तित, शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट, पुनर्निर्धारित तथा नियंत्रित किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस अवधि में गोरखपुर कैंट–नरकटियागंज, नरकटियागंज–गोरखपुर कैंट, छपरा–गोरखपुर, गोरखपुर–छपरा सहित कई सवारी ट्रेनें तथा छपरा–नौतनवा एक्सप्रेस, प्रयागराज–मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस और बापूधाम मोतिहारी–आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस समेत अनेक एक्सप्रेस ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर निरस्त रहेंगी।
इसके अलावा अमृतसर–दरभंगा, पूर्णिया कोर्ट–अमृतसर, कटिहार–अमृतसर, गुवाहाटी–जम्मूतवी, मथुरा–छपरा, दरभंगा–नई दिल्ली, हावड़ा–काठगोदाम, छपरा–लोकमान्य तिलक टर्मिनस, डिब्रूगढ़–चंडीगढ़, रक्सौल–आनंद विहार टर्मिनस तथा अन्य कई प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्गों से किया जाएगा, जिससे इनके कई निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव भी नहीं रहेगा।
रेलवे ने कुछ ट्रेनों का आंशिक संचालन भी तय किया है। बनारस–गोरखपुर, गोरखपुर–बनारस, गोमतीनगर–गोरखपुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस–गोरखपुर, गोरखपुर कैंट–वाराणसी सिटी सहित कई ट्रेनें अपने गंतव्य से पहले ही यात्रा समाप्त करेंगी अथवा बदले हुए स्टेशनों से रवाना होंगी। वहीं कई सवारी और एक्सप्रेस ट्रेनों को 30 मिनट से लेकर 300 मिनट तक पुनर्निर्धारित तथा नियंत्रित कर चलाया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति, मार्ग, समय और संचालन संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस, रेल मदद अथवा हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।





