
एसीपी दशाश्वमेध ने त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अतिक्रमण हटवाकर दिया सख्त संदेश
- रिपोर्ट: पंकज झा..✍️
वाराणसी। आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी एवं दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने समस्त चौकी प्रभारियों और पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाते हुए संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत भी दी गई, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर भी नजर रखी तथा स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी सुझाव लिए। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, यातायात बाधा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने लोगों से पुलिस का सहयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
वाराणसी पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।





