
- रिपोर्ट: पंकज झा ✍️✍️
वाराणसी। उत्तर रेलवे की महत्वाकांक्षी रेल अवसंरचना परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। उत्तर रेलवे के मुख्य परिवहन एवं योजना प्रबंधक रवि मोहन शर्मा ने वाराणसी जंक्शन तथा वाराणसी परिक्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित रेल परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नया गंगा रेल पुल, काशी–वाराणसी–लोहता/शिवपुर स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली, वाराणसी यार्ड री-मॉडलिंग तथा जौनपुर–जाफराबाद–जंघई रेलखंड में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और परियोजनाओं के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की।
इसके बाद श्री रवि मोहन शर्मा ने काशी रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन पुनर्विकास परियोजना एवं अन्य निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों में आ रही चुनौतियों तथा विभिन्न नीतिगत विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
समीक्षा बैठक में मुख्य परिवहन एवं योजना प्रबंधक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी रेल परियोजनाओं का क्रियान्वयन यात्री सुरक्षा, संरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा होना चाहिए। साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में गति और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता कपिल वत्स, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय, उत्तर रेलवे निर्माण संगठन के उप मुख्य अभियंता रॉकी तुहर, वेदांत सहाय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





