
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। गाजीपुर स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सेफ फ्यूचर’ के तहत बुधवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर 8 स्कूली वाहनों को सीज किया गया, जबकि 40 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर 1 से 15 जुलाई तक चल रहे इस विशेष अभियान का संचालन अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कर बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।
अभियान के पहले चरण (1 से 7 जुलाई) में वाहन संचालकों और स्कूल प्रबंधन को जागरूक करते हुए नोटिस जारी किए गए थे। दूसरे चरण (8 से 15 जुलाई) में नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार को थाना कोतवाली के महाराजगंज, नंदगंज और जंगीपुर क्षेत्र में संयुक्त टीम ने वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं यातायात निरीक्षक बलेन्द्र कुमार ने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्कूल प्रबंधन से भी सभी वाहनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।





