
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। श्रावण मास में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने काशीवासियों के लिए विशेष व्यवस्था लागू की है। अब स्थानीय नागरिक अलग प्रवेश द्वार से बिना सामान्य कतार की भीड़ के बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि काशीवासियों की सुविधा के लिए गेट नंबर-4 के पास गेट नंबर-4बी खोला गया है। इस प्रवेश द्वार से वाराणसी के निवासी अपना स्थानीय पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य मान्य पहचान पत्र दिखाकर प्रवेश कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि गेट नंबर-4बी से लेकर गर्भगृह तक काशीवासियों के लिए अलग दर्शन व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें भीड़ और धक्का-मुक्की से राहत मिलेगी तथा बाबा विश्वनाथ के सुगम दर्शन हो सकेंगे।
मंदिर प्रशासन के इस निर्णय का काशीवासियों ने स्वागत किया है। स्थानीय लोगों में इस नई व्यवस्था को लेकर खुशी का माहौल है। उनका कहना है कि अब वे विशेषकर श्रावण मास के दौरान भी अपेक्षाकृत आसानी और व्यवस्थित तरीके से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे।





