
-भावभीनी विदाई में उमड़ा आत्मीयता का सैलाब
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर रेलवे में लगभग चार दशक तक अपनी निष्ठा, कार्यकुशलता और सहज व्यवहार से विशिष्ट पहचान बनाने वाले वाराणसी जंक्शन के मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक जे.पी. मिश्रा मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर कैंटोनमेंट स्थित होटल मेरिडियन में उनके सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें परिजन, सहकर्मी, मित्र, रिश्तेदार तथा शहर के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
अपने लंबे रेल सेवा काल में जे.पी. मिश्रा ने वाराणसी जंक्शन सहित उत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। कार्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, ईमानदारी और सौम्य व्यवहार के कारण वे अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय रहे। समारोह में उनके साथ वर्षों तक कार्य कर चुके सहकर्मियों ने उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली को याद करते हुए उन्हें एक प्रेरणादायी रेलकर्मी बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तिलक, चंदन और माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद जे.पी. मिश्रा ने अपनी पत्नी एवं परिवार के सदस्यों के साथ विशेष रूप से तैयार किया गया केक काटा। समारोह का मुख्य आकर्षण रेलवे स्टेशन और ट्रेन की आकृति पर आधारित विशेष केक रहा, जिसने उनके चार दशक लंबे रेल जीवन की यादों को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर सहयोगियों और शुभचिंतकों ने उन्हें स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि जे.पी. मिश्रा ने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करते हुए सभी के दिलों में विशेष स्थान बनाया है।
करीब दो घंटे तक चले समारोह में सभी अतिथि अंत तक मौजूद रहे, जो उनके प्रति आत्मीय सम्मान और स्नेह का परिचायक रहा। अपने संबोधन में जे.पी. मिश्रा ने सभी अतिथियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा जीवन में उन्हें साथियों का जो प्रेम, विश्वास और सहयोग मिला, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
समारोह का समापन सामूहिक भावभोज के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें स्वस्थ, खुशहाल और सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर के.आर. तिवारी, मनीष तिवारी, उमेश चंद्र मिश्र, डॉ. ओमप्रकाश मिश्र, सत्यप्रकाश मिश्र, प्रमोद मिश्र, वंदना, सीमा, संगीता, नीतू, आकांक्षा, अंकित, अर्पित, यशी, मानस, हर्षित, जया एवं बेटू सहित अनेक परिजन उपस्थित रहे।
मित्रों में तपन, मनोज, दीपक वाही, राकेश चौधरी, योगेश, रवींद्र, डी.पी. यादव एवं दीप्ति श्रीवास्तव मौजूद रहे।
सहकर्मियों में परवेज़ खान, सुरेंद्र श्रीवास्तव, धनंजय कुमार, विनोद यादव, सुबोध कुमार, रामतीरथ यादव, निशांत कुमार, योगेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी समारोह में शामिल हुए।





