
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में शनिवार को PPS से IPS पद पर पदोन्नत हुए 28 अधिकारियों के सम्मान में भव्य पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने सभी नवप्रोन्नत अधिकारियों के कंधों पर IPS रैंक लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए DGP राजीव कृष्ण ने कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी का दायित्व भी है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा जनता का विश्वास बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि अनुशासन पुलिस की सबसे बड़ी पहचान है और हर अधिकारी को अपने आचरण व कार्यशैली से इस पहचान को मजबूत करना चाहिए। जहां भी उनकी तैनाती हो, वहां पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस गरिमामय समारोह में नवप्रोन्नत सभी 28 अधिकारियों को औपचारिक रूप से IPS रैंक प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।




