
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) की जिला स्तरीय बैठक स्थानीय एक होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जेडी सिंह ने की। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए कई पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।
बैठक में कौशलपुरी कॉलोनी निवासी विनीत मिश्रा को जिला महासचिव तथा पूर्व छात्र नेता सत्यम सिंह को जिला सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नव नियुक्त पदाधिकारियों का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

जिलाध्यक्ष जेडी सिंह ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ के नेतृत्व तथा प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देशानुसार संगठन का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में जिले, ग्रामीण क्षेत्रों और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की तथा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।




