
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। आईपीएल में करोड़ों रुपये की कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में 11 आरोपितों को अदालत से बड़ी राहत मिली है। जिला जज की अदालत ने रवि यादव, अर्पित तिवारी, विकास पटेल, जिया उल हक, सचिन सिंह, गौरव चौहान, देवेश चौहान, अनिकेत तिवारी, अमित तिवारी, सौरभ चौहान और राहुल मौर्या को 50-50 हजार रुपये की दो-दो जमानतें एवं बंधपत्र दाखिल करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया। बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी, अनुज यादव और आदित्य वर्मा ने पैरवी की।
अभियोजन के अनुसार, 1 जून 2026 को कैंट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि टकटकपुर स्थित सिद्धी हाईट्स के बेसमेंट में कुछ लोग ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी का संचालन कर रहे हैं। सूचना पर की गई छापेमारी में 11 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का आरोप है कि आरोपी “आरडी डिजिटल” नाम से एक एड एजेंसी संचालित करते थे और सोशल मीडिया के माध्यम से बेटिंग वेबसाइटों के लिंक प्रसारित कर लोगों को पंजीकृत कराते थे। जांच में फर्जी नाम-पते से बनाए गए कई सोशल मीडिया अकाउंट और पेज भी सामने आए, जिनका उपयोग कथित रूप से सट्टेबाजी गतिविधियों में किया जाता था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 17 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप और 1350 रुपये नकद बरामद किए। इसके बाद सभी आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया था। अब अदालत से जमानत मिलने के बाद उन्हें रिहाई का रास्ता साफ हो गया है





