
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में दर्ज 16 मुकदमों से संबंधित भारी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कराया।
माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने 313.637 किलोग्राम अवैध गांजा तथा 1.74 किलोग्राम अवैध हेरोइन सहित कुल 315.377 किलोग्राम मादक पदार्थ को नष्ट किया। नष्ट किए गए इन अवैध पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस प्रशासन ने पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए थाना मुगलसराय क्षेत्र स्थित औद्योगिक नगर चौकी के अंतर्गत गणेश प्लाई फैक्ट्री के एंसीलेटर (भट्ठी) में इन मादक पदार्थों को जलाकर पूरी तरह नष्ट कराया।
विनष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सतीश चन्द्र मिश्रा, क्षेत्राधिकारी लाइन/सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी तथा विधिक समिति के सदस्य उपस्थित रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
चंदौली पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




