
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्ती के बाद राजधानी लखनऊ में मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। लखनऊ पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को कैसरबाग स्थित लालबाग इलाके में विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाली दुकानों पर विशेष टीमें तैनात की गईं। अधिकारियों ने मौके पर ही जांच करते हुए कई वाहनों की पड़ताल की और नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर कार्रवाई की।
जांच के दौरान अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले एक दुकानदार का चालान भी किया गया। वहीं, तेज आवाज वाले साइलेंसर लगी कई बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि आम लोगों के लिए परेशानी का कारण भी बनते हैं। ऐसे वाहनों और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
पुलिस और परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साइलेंसर का इस्तेमाल करें और किसी भी प्रकार के अवैध संशोधन से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





