
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी में काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार को लेकर रेलवे प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। स्टेशन विस्तार परियोजना के तहत रेलवे ने स्टेशन परिसर के समीप स्थित एक मस्जिद को खाली करने के लिए नोटिस जारी किया है। नोटिस में संबंधित पक्ष को 20 जून तक परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया है।
रेलवे का कहना है कि काशी रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और विस्तार कार्य को गति देने के लिए संबंधित भूमि की आवश्यकता है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है ताकि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके।
वहीं, मस्जिद का प्रबंधन करने वाली इंतजामिया मस्जिद समिति ने रेलवे के नोटिस पर कड़ा विरोध जताया है। समिति का आरोप है कि नोटिस गैर-कानूनी है और बिना उचित प्रक्रिया अपनाए जारी किया गया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले को अदालत में चुनौती देगी और कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
अब इस मुद्दे को लेकर रेलवे प्रशासन और मस्जिद समिति आमने-सामने हैं। मामले के अदालत पहुंचने की संभावना के बीच सभी की नजरें आगामी कानूनी प्रक्रिया और प्रशासनिक फैसलों पर टिकी हुई हैं।




