
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद चंदौली में चलाए जा रहे समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत आईटीआई परिसर, रेवसा में आयोजित विकास प्रदर्शनी जनसामान्य के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 17 से 20 जून 2026 तक आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई।
प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों पर आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित पात्र लाभार्थियों को सम्मानपूर्वक प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान लाभार्थियों ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति अपनी संतुष्टि व्यक्त करते हुए इन योजनाओं को समाज के लिए लाभकारी बताया।

कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा एलईडी वैन के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं तथा जनहितकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित संदेशों और जानकारी ने लोगों को विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, सांस्कृतिक विभाग द्वारा नामित लोक कलाकार मंगल यादव ने अपने गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को जागरूक किया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
इस अवसर पर समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा विकास कार्यों को निकट से देखने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विकास प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा समाज में जागरूकता का विस्तार करना है। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आमजन को सीधे लाभ मिल रहा है।




