
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के मवैया इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान समेट ले गए। परिवार अपने बड़े भाई की मिट्टी में शामिल होने के लिए घर बंद कर बाहर गया था, लेकिन पीछे से बदमाशों ने सूने पड़े मकान पर धावा बोल दिया।
बताया जा रहा है कि देर रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे जेवरात, नकदी समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आराम से फरार हो गए। सुबह जब परिवार वापस लौटा तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, वहीं इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले घर की गतिविधियों पर नजर रखी और परिवार के बाहर जाते ही सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
फिलहाल इस दुस्साहसिक चोरी की घटना ने एक बार फिर सारनाथ क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।




