
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। अपर महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं उत्तर प्रदेश, लखनऊ श्री धर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय कारागार वाराणसी का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने उनका स्वागत किया तथा कारागार परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर महानिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, एडीएम सिटी राजेश सिंह एवं डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने शासन द्वारा गठित समिति के सदस्य के रूप में केंद्रीय कारागार की भूमि पर जेवर ट्रांसमिशन लिमिटेड के सौजन्य से प्रस्तावित ट्रांसमिशन टावर के लिए स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपर महानिरीक्षक ने सबसे पहले कारागार में संचालित काष्ठ कला एवं लौह उद्योग का निरीक्षण किया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने वहां तैयार किए जा रहे फर्नीचर एवं अन्य उत्पादों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान धर्मेंद्र सिंह ने उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे बंदियों के पुनर्वास और कौशल विकास की दिशा में सराहनीय पहल बताया। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। लाइव फीड देखने के बाद उन्होंने निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए अतिरिक्त स्क्रीन लगाने के निर्देश दिए। कारागार अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती बंदियों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं मुकदमों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कोल इंडिया के सहयोग से स्थापित स्वचालित बेकरी यूनिट का भी अवलोकन किया। यहां तैयार किए जा रहे बिस्कुट, ब्रेड और क्रीम रोल की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की उन्होंने प्रशंसा की। चक्र संख्या-4 की बैरक संख्या-2ए में जाकर उन्होंने बंदियों की समस्याएं भी सुनीं।
निरीक्षण के दौरान अपर महानिरीक्षक कारागार की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था तथा बंदियों के लिए संचालित रोजगारपरक उद्योगों से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कारागार प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने कारागार परिसर में स्थापित अमर स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह वल्दिया, अयोध्या प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




