
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: थाना मिर्जामुराद पुलिस ने उत्पीड़न एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में वांछित अभियुक्त धनन्जय तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को की गई। उसके खिलाफ थाना मिर्जामुराद में मु0अ0सं0 120/2026 के तहत बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त धनन्जय तिवारी ग्राम भोजूपुर (रूपापुर), थाना मिर्जामुराद का निवासी है और मृतका का पति है। इससे पूर्व इसी मामले में मृतका के ससुर हरिशंकर तिवारी को 27 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। प्रकरण के अनुसार वादिनी ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया था कि उनकी ननद नीतू तिवारी का विवाह वर्ष 2011 में धनन्जय तिवारी के साथ हुआ था।
विवाह के बाद से ही पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
आरोप है कि 24 अप्रैल 2026 को मृतका ने फोन पर अपनी जान को खतरा होने की बात बताई थी। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। वादिनी ने ससुराल पक्ष पर विषाक्त पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर थाना मिर्जामुराद में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा, उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कौशल किशोर सहित थाना मिर्जामुराद की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




