
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
राजधानी लखनऊ के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में अचानक फॉल सीलिंग भरभराकर गिर गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मरीजों और तीमारदारों को तुरंत बाहर निकाला गया और पूरे वार्ड को खाली कराया गया।
बताया जा रहा है कि सीलिंग गिरने के दौरान वार्ड में मरीज मौजूद थे। गनीमत रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि काफी समय से इमारत की हालत खराब थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया गया। हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच की बात कही है।
इस घटना ने सरकारी अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था और लापरवाही को एक बार फिर उजागर कर दिया है।




