
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘प्रोजेक्ट गंगा’ का शुभारंभ किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करना और गांव-गांव तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के तहत राज्य के 20 लाख से अधिक घरों को हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को बेहतर ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
एक लाख से अधिक रोजगार सृजित होंगे
सीएम योगी ने बताया कि ‘गवर्नमेंट असिस्टेड नेटवर्क फॉर ग्रोथ एंड एडवांसमेंट (GANGA)’ परियोजना के माध्यम से प्रदेश में एक लाख से अधिक रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने में मदद मिलेगी।
डिजिटल कनेक्टिविटी बनेगी अर्थव्यवस्था की आधारशिला
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल कनेक्टिविटी अर्थव्यवस्था की आधारशिला बन चुकी है। सरकार की कोशिश है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी आधुनिक तकनीक और डिजिटल सेवाओं का पूरा लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के गांवों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंच चुकी हैं और बड़ी संख्या में लोग डिजिटल पेमेंट माध्यमों से जुड़ रहे हैं।
सीएम योगी ने विश्वास जताया कि ‘प्रोजेक्ट गंगा’ ग्रामीण विकास, डिजिटल सशक्तिकरण और आर्थिक प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




