
गाजियाबाद। जिले के मुरादनगर थाना परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपने दो बच्चों के साथ पहुंचा और खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास करने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को रोक लिया और उसके हाथ से माचिस छीनकर बड़ी घटना होने से बचा लिया।
युवक ने अपनी पहचान कपिल शर्मा निवासी मथुरा के रूप में बताई। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और सास उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रही हैं। साथ ही, धर्म परिवर्तन न करने पर उसके बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी जा रही है।
कपिल शर्मा के अनुसार, उसने करीब 10 वर्ष पहले एक मुस्लिम युवती से विवाह किया था और उनके दो बच्चे हैं। वह पहले ग्रेटर नोएडा में रहता था, लेकिन चार माह पहले उसकी पत्नी उसे मुरादनगर स्थित एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहने के लिए ले आई। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी और सास उसकी कमाई पर कब्जा कर लेती हैं और लगातार धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाती हैं।
पीड़ित का कहना है कि उसकी सास ने कथित रूप से धमकी दी थी कि यदि उसने धर्म परिवर्तन नहीं किया तो उसके दोनों बच्चों को मार दिया जाएगा। कपिल ने बताया कि उसने दो दिन पहले इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने से परेशान होकर वह बच्चों के साथ थाने पहुंचा और आत्मदाह का प्रयास किया।
मामले में कार्यवाहक एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि युवक की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद थाना परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




