
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। एक ओर उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या को नशा मुक्त और स्मार्ट सिटी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अयोध्या के रामघाट क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी में खुलेआम नशे का कारोबार होने के आरोप सामने आए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि काशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर-44 और आसपास के क्षेत्रों में कई वर्षों से स्मैक, गांजा और शराब की बिक्री दिन-रात जारी है। आरोप है कि इस अवैध कारोबार में रानी, जगदंबा और वीरेंद्र नामक लोग शामिल हैं। हैरानी की बात यह बताई जा रही है कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर रायगंज चौकी और अयोध्या कोतवाली स्थित है, इसके बावजूद कथित रूप से नशे का कारोबार जारी है।
आरोप है कि इस अवैध गतिविधि के खिलाफ आवाज उठाने वालों को धमकाया जाता है और उनके साथ मारपीट की जाती है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे सूर्य पैलेस के पास एक पत्रकार के बेटे के साथ कुछ लोगों ने कथित रूप से मारपीट की। मारपीट करने वालों में आर्यन, आकाश समेत अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनका आरोप है कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में भय का माहौल बना हुआ है और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि इन आरोपों के सामने आने के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





