
-पारसनाथ यादव बोले— अहिल्याबाई का जीवन सेवा, न्याय और जनकल्याण की मिसाल
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। समाजवादी पार्टी कार्यालय लोहिया भवन, गुलाबबाड़ी में रविवार को महान शासक और लोकमाता राजमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की ऐसी महान विभूति थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, न्याय और समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता व न्याय की स्थापना संभव है।
महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर ने महिला सशक्तिकरण, धर्म और संस्कृति के संरक्षण के साथ समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनका त्याग, नेतृत्व और सेवा भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए आदर्श है।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन से प्रेरणा लेने और समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि इस अवसर पर महानगर महासचिव हामिद जफर मिशन, शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष दान बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष जेपी यादव, घनश्याम यादव, महानगर महिला सभा अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल, पूजा वर्मा, बृजेश सिंह, महानगर उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव, जिला सचिव अंसार अहमद, जिला सचिव सीताराम यादव, जितेंद्र यादव, जगराम यादव, डॉ. अवनीश प्रताप सिंह, कमलेश कुमार, राम नेवल पाल समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गोष्ठी के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राजमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।





