
-स्वच्छता के लिए महानगर वासियों से किया सहभागिता की अपील
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। नगर निगम अयोध्या द्वारा संचालित “हर रविवार, हर परिवार करे गंदगी पर वार” अभियान के अंतर्गत रविवार को कौशलपुरी कॉलोनी, सरायरसी में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने स्वयं श्रमदान कर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि स्वच्छता किसी एक संस्था या विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ अयोध्या का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वच्छता अभियान में भाग लेने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप देना हम सभी की जिम्मेदारी है। नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान तभी सफल होगा जब प्रत्येक परिवार इसे अपना अभियान समझकर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल बीमारियों से बचाव का माध्यम है, बल्कि यह हमारी सामाजिक चेतना और नागरिक संस्कारों का भी परिचायक है। उन्होंने नागरिकों से सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के लिए समय निकालने की अपील की।
अभियान के दौरान क्षेत्र में सफाई कार्य के साथ लोगों को अपने घरों एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पार्षद धर्मवीर, ब्रजनाथ सिंह, डॉ. बी.एन. राय, एस.के. तिवारी, श्यामेश कुमार सिंह, सूर्यभान सिंह, पूनम सिंह, संध्या सिंह, राधिका सिंह, उषा राय, किरण तिवारी, नमीता वर्मा, कुमारी पूनम एवं सरोज सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त सौरभ नाथ, अरुण प्रताप सिंह, रमेश कनौजिया तथा प्रदीप कुमार वर्मा भी मौजूद रहे। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने सहभागिता की।





