
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज मंडल कार्यालय के संकल्प सभागार में मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) शिवम शर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) जावेद अख्तर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक की शुरुआत में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने सभी सदस्यों का पौधा भेंट कर स्वागत किया। बैठक का उद्देश्य रेलवे प्रशासन और उपयोगकर्ता प्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित कर यात्रियों की सुविधाओं में सुधार लाना रहा।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लिया जाता है और इन्हीं सुझावों के आधार पर रेलवे सेवाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल टीम भावना के साथ कार्य कर रहा है और सुरक्षित, संरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रमुख स्टेशनों का विकास कार्य तेजी से जारी है, जबकि प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन ने पीपीटी के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों और यात्री सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रयागराज मंडल में 17 यात्री आरक्षण केंद्र, 27 यूटीएस कम पीआरएस और 126 यूटीएस के माध्यम से 21 जनपदों में सेवाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा 10 स्टेशनों पर 29 JTBS, 37 स्टेशनों पर 156 एटीवीएम मशीनें और 4 दिव्यांगजन सहित 202 फेसिलिटेटर तैनात हैं। एटीवीएम पर QR कोड के माध्यम से कैशलेस टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। मंडल से प्रतिदिन 2 लाख से अधिक यात्रियों को सेवा दी जा रही है और लगभग 5.3 करोड़ रुपये प्रतिदिन की यात्री आय दर्ज की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 115 वाणिज्यिक स्टेशनों पर वाई-फाई सुविधा, 75 स्टेशनों पर 1659 CCTV कैमरे तथा बड़े स्टेशनों और ट्रेनों में मशीन आधारित सफाई व्यवस्था लागू की गई है, जिससे स्वच्छता और सुरक्षा दोनों में सुधार हुआ है।
बैठक में समिति के सदस्यों ने ट्रेनों के ठहराव, समय परिवर्तन, फुट ओवर ब्रिज, रोड अंडर ब्रिज, साफ-सफाई, खानपान की गुणवत्ता और मूल्य, वरिष्ठ नागरिकों को रियायत तथा नई ट्रेनों के संचालन जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े हर मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।इस बैठक में प्रयागराज, कानपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, अलीगढ़ और बुलंदशहर से आए कई प्रतिनिधि सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव रखे।



