
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय के नेतृत्व में 15 मई से 05 जून 2026 तक विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 23 मई 2026 को वाराणसी मंडल के बनारस, वाराणसी सिटी, बलिया, गाजीपुर सिटी, आजमगढ़, प्रयागराज रामबाग, सलेमपुर, भटनी, देवरिया सदर, सीवान एवं छपरा रेलवे स्टेशनों पर प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की कार्यप्रणाली की विशेष जांच के लिए स्पेशल ड्राइव चलाई गई। साथ ही स्टेशनों पर जागरूकता अभियान आयोजित कर यात्रियों को मशीनों के उपयोग एवं प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई।

रेलवे प्रशासन द्वारा एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध के प्रभावी अनुपालन के लिए स्टेशनों पर विक्रेताओं के स्टॉल की निगरानी भी की गई। यात्रियों को नॉन-प्लास्टिक बोतलों के उपयोग के लिए प्रेरित करने हेतु सभी बड़े रेलवे स्टेशनों पर वॉटर रिफिल पॉइंट्स की विशेष जांच अभियान चलाया गया, ताकि सिंगल यूज़ प्लास्टिक बोतलों के उपयोग को कम किया जा सके और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों पर गौरैया एवं अन्य पक्षियों के संरक्षण के लिए मिट्टी के बर्तनों का वितरण एवं उन्हें उपयुक्त स्थानों पर रखने का विशेष अभियान भी संचालित किया गया।
स्टेशन परिसरों में पैसेंजर एड्रेस सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को प्लास्टिक की बोतलों एवं अन्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक वस्तुओं के कम उपयोग के लिए जागरूक किया गया। रेलवे परिसर एवं उसके आसपास प्लास्टिक कचरे के संग्रहण और उचित निस्तारण के लिए विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। अभियान के माध्यम से यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं हरित रेलवे स्टेशन बनाने का संदेश दिया गया।




