
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में विकास की रफ्तार अब किसी भी हाल में नहीं रुकेगी और डबल इंजन सरकार के कारण यह गति लगातार तेज होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर तैयार करते हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को भीमपुर गौरा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देवरिया-कसया फोरलेन समेत कुल 655.45 करोड़ रुपये की 19 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मजबूत सड़क कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि देवरिया-कसया फोरलेन केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाला अहम मार्ग साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि देवरिया-कसया फोरलेन को आगे बढ़ाकर मऊ तक विस्तारित किया जाएगा और इसे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। साथ ही इस मार्ग को वाराणसी से भी कनेक्ट किया जाएगा, जिससे पूरे पूर्वांचल क्षेत्र में आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि औद्योगिक, सामाजिक और आर्थिक विकास को एक साथ आगे बढ़ाना है। बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। परियोजनाओं के शुभारंभ के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर काम कर रही है और आने वाले समय में कई बड़ी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे उत्तर प्रदेश विकास के नए मानक स्थापित करेगा।





